Assam

भाजपा का बरपेटा, मोरीगांव में प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी की मांग

गुवाहाटी, 25 मार्च (Udaipur Kiran) । असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नोमल मोमिन पर कथित हमले के खिलाफ भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने मंगलवार को बरपेटा और मोरीगांव में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक नुरुल हुडा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

बरपेटा जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर रैली निकाली और कांग्रेस विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र दास ने इस घटना को लोकतंत्र पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा, संवैधानिक पदाधिकारी पर हमला अस्वीकार्य है। कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए, चाहे वह कोई भी विधायक हो।

मोरीगांव में भी भाजपा जिला नेताओं रामप्रसाद सरकार, निर्मल कोंवर और सुरेन दास के नेतृत्व में सर्किट हाउस के सामने प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने हुडा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कानून-व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।

प्रदर्शन के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top