RAJASTHAN

ऑपरेशन मेरी सहेली अभियान : 15 हजार 600 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान

ऑपरेशन मेरी सहेली अभियान : 15,600 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान

काेटा, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन मेरी सहेली जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करना और किसी भी प्रकार के संकट से सुरक्षित रखने के लिए आवश्‍यक कदम उठाना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में ऑपरेशन मेरी सहेली के तहत रेलवे सुरक्षा बल, पश्चिम मध्‍य रेलवे द्वारा वर्ष 2025 में अब तक 15,599 महिला यात्रियों को सु‍रक्षित यात्रा के लिए सहायता प्रदान की गई है। इन यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित रूप से पहुँचाने में रेलवे सुरक्षा बल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक /जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा सौरभ जैन के अनुसार इस अभियान का मुख्‍य उद्देश्य महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। रेलवे सुरक्षा बल ने विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं, ताकि महिला यात्री यात्रा के दौरान आत्‍मविश्‍वास और सुरक्षित महसूस करें। इसके साथ ही आरपीएफ द्वारा महिला यात्रियों को सुरक्षा उपायों और जागरूकता के बारे में भी जानकारी दी गई है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में त्‍वरित सहायता मिल सके।

महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ ने विभिन्‍न पहलुओं पर कार्य किया है, जिनमें रेलवे स्‍टेशनों और ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला आरपीएफ कर्मी तैनात किए गए हैं, महिला यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्‍वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। इसमें चोरी, छेड़छाड़ या आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी जाती है, महिला यात्रियों की शिकायत या समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया है। आरपीएफ ने यात्रियों की शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया है।

ऑपरेशन मेरी सहेली के तहत आरपीएफ कर्मियों द्वारा महिला यात्रियों को विशेष रूप से ट्रेनों में सफर के दौरान सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला यात्रियों को सहायता प्रदान करने के लिए आरपीएफ की विशेष टीम तैनात है, जो ट्रेनों और स्टेशनों पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top