Uttar Pradesh

सपा कार्यालय में मनाई डॉ लोहिया जयंती

मूर्ति पर माल्यार्पण

प्रयागराज, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । समाजवादी नेता, स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में मनाई गई। इसके पूर्व सपा नेताओं ने सिविल लाइंस पीडी पार्क चौराहा स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया की मूर्ति पर फूल माला अर्पित कर नमन किया।

सपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ लोहिया को मानवतावाद की स्थापना का पक्षधर बताया। सपा नेताओं ने कहा कि देश की राजनीति में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान और स्वतंत्रता के बाद ऐसे कई नेता हुए जिन्होंने अपने दम पर शासन का रुख बदल दिया। जिनमें से एक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया भी थे।

डॉ लोहिया की सप्त क्रांति की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक क्रांति के माध्यम से समाज में व्याप्त असमानता को दूर करने, आर्थिक क्रांति के माध्यम से गरीबों के अधिकारों की रक्षा करने, राजनीतिक क्रांति के माध्यम से देश के लोगों के हाथ में सत्ता देने, शैक्षिक क्रांति के माध्यम से समान शिक्षा प्रणाली लागू करने, सांस्कृतिक क्रांति के माध्यम से सभी धर्मों वर्गों की मान्यताओं परम्पराओं को सम्मान देने, वैज्ञानिक क्रांति के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देते हुए रूढ़ियों को समाप्त करने तथा नैतिक क्रांति के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना का संदेश दिया।

सपा मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने बताया कि इस अवसर पर सपा नेताओं ने कहा कि डॉ लोहिया की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने पूरा जीवन अर्पित कर दिया। वर्तमान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समाजवादी विचारधारा को पूरे देश में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, जिलाध्यक्ष यमुनापार पप्पू लाल निषाद, एमएलसी डॉ मानसिंह यादव, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, विधायक गण बिजमा यादव, संदीप पटेल, पूर्व विधायक जोखूलाल यादव, नाटे चौधरी आदि मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top