-सैकड़ोंं किसानों को हिरासत में लिया
-पुलिस ने महिला आंदोलनकारियों को बसों में घर भेजा
चंडीगढ़, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । पंजाब के शंभू व खनौरी बॉर्डर पर 13 माह से चल रहा किसान आंदोलन बुधवार की रात समाप्त हो गया। पंजाब पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवन सिंह पंधेर, अभिमन्यु कोहाड़ समेत कई नेताओं को हिरासत में लेने के बाद बॉर्डर खाली करवाने का ऑपरेशन शुरू किया।
इससे पहले आज दिन में केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान की अध्यक्षता वाली कमेटी की किसानों के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक के कुछ समय के बाद ही पंजाब पुलिस ने किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी। पंजाब पुलिस ने पहले खनौरी बॉर्डर को खाली करवाया। खनौरी में ऑपरेशन के बाद पुलिस ने शंभू बॉर्डर खाली करवाया। दोनों बॉर्डर पर पंजाब पुलिस ने किसानों द्वारा किये गए पक्के निर्माण गिरा दिए। यहां से गुरु ग्रंथ साहिब को धार्मिक मर्यादा के साथ गुरुद्वारों में पहुंचाया गया। पंजाब पुलिस ने करीब तीन घंटे में दोनों बॉर्डर को खाली कराया। यहां मौजूद किसानों को हिरासत में लेकर पुलिस थानों में पहुंचाया गया। सैकड़ों किसानों तथा महिलाओं ने घर जाने की इच्छा जताई। जिसके बाद संबंधित जिलों की पुलिस को सूचित करते हुए किसानों को घरों के लिए भी रवाना किया गया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की किसान नेताओं के साथ तीन मार्च को हुई बैठक में हंगामा हुआ था। मुख्यमंत्री भगवंत मान बैठक बीच में ही छोड़ गए थे। उसके बाद सीएम ने बॉर्डर खाली करवाने के संकेत दिए थे। पिछले दो दिन से खनौरी व शंभू में पुलिस बल बढ़ा दिया गया था।
बुधवार की रात बॉर्डर खाली करवाने के बाद पटियाला के एसएसपी नानक सिंह ने कहा कि किसानों को इस कार्रवाई से पहले चेतावनी दी गई थी। उन्होंने पुलिस को सहयोग किया, जिसके चलते दोनों बॉर्डर खाली करवा लिए गए हैं। अब यहां बनाए गए ढांचों को गिराया जा रहा है। गुरुवार को यहां से मलबा हटाया जाएगा। हरियाणा पुलिस को इस बारे सूचित कर दिया गया है। हरियाणा पुलिस द्वारा बेरिकेडिंग हटाये जाने के बाद ट्रैफिक चालू कर दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
