Madhya Pradesh

इंदौरः रंगपंचमी की गेर के दौरान टैक्टर के पहिए की चपेट में आने से शख्स की मौत

इंदौर में रंगपंचमी पर रंगारंग गेर

– मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त कर रद्द किया अपना कार्यक्रम

इंदौर, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । इंदौर के मध्य क्षेत्र राजवाड़ा में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रंगपंचमी पर रंगारंग गेर निकली जा रही है। बुधवार को यहां पूरा क्षेत्र रंगों से सराबोर है। टैंकरों से रंग और पानी की बौछार की जा रही है और तोपों से गुलाल उड़ाया जा रहा है। इसी बीच राजवाड़ा में रंगपंचमी गेर के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भीड़ के बीच ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आने से 45 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। इससे कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया। घायल को तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से दुखी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेर में शामिल नहीं होने का फैसला किया। वे इंदौर एयरपोर्ट से सीधे उज्जैन के लिए रवाना हो गए। पहले उनके राजवाड़ा पहुंचने का कार्यक्रम था।

दरअसल, विभिन्न इलाकों से निकलने वाली गेर दोपहर में राजवाड़ा पहुंची थी। इसी दौरान राजवाड़ा में ट्रैक्टर का पहिया 45 वर्षीय शख्स के पेट के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की जेब में केवल 150 रुपये मिले हैं। कोई मोबाइल या आईडी कार्ड नहीं था, इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। राजवाड़ा में ट्रैक्टर के रौंदने के बाद लोग मृतक को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। एमजी रोड पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में लिया है।

घटना की जानकारी लगते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना गेर में शामिल होने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर की गेर में शामिल होने वाला था। राजवाड़ा में कार्यक्रम था, लेकिन फिर जानकारी मिली कि टोरी कॉर्नर पर आगे जाकर एक युवक की हादसे में मौत हो गई है। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि उसे मोक्ष प्रदान करें। मैं अपनी तरफ से पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये राशि देने की घोषणा करता हूं। उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में जब भी हम त्योहार मनाएं तो इस तरह के हादसों से बचें। इसके बाद मुख्यमंत्री इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना हो गए।

इधर, फाग यात्रा में अचानक एक शख्स की तबीयत बिगड़ गई, उसे तुरंत एम्बुलेंस में बैठाया गया। हजारों लोगों की भीड़ ने रास्ता देकर कुछ ही मिनट में एम्बुलेंस को बाहर निकाला। वहीं, गेर में तीन लोग घबराहट से बेहोश हो गए। दावा है कि इंदौर की गेर में पांच लाख लोग शामिल हुए हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top