Madhya Pradesh

इंदौर में रंगपंचमी पर निकलेगी रंगारंग गेर, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने किया गेर मार्ग का निरीक्षण

कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने किया गेर मार्ग का निरीक्षण
कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने किया गेर मार्ग का निरीक्षण

इंदौर, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । इंदौर में बुधवार, 19 मार्च परम्परागत रूप से रंगपंचमी की गेरें निकलेंगी। कलेक्टर आशीष ‍सिंह और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने सोमवार को अधिकरियों के दल और गेर आयोजकों के साथ गेर मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह, एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने निर्धारित गेर मार्गों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बताया गया कि विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जीर्ण-शीर्ण भवनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन भवनों पर सूचना पटल भी लगाये जाएंगे। पूरे मार्ग पर सभी आवश्यक बंदोबस्त किये जा रहे हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रखें जाएंगे।

कलेक्टर ने बताया कि पूरे मार्ग पर ‍निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा हैं। बेरिकेटिंग की भी व्यवस्था रहेगी। आकस्मिक चिकित्सा के लिये भी प्रबंध किये जा रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी। इंदौर शहर की इस पहचान के त्यौहार को देखने के लिए गेर मार्ग के भवनों पर नागरिकों के लिए बैठने की भी व्यवस्था की जा रही है।

बताया गया कि इंदौर शहर की परंपरागत रंग पंचमी 19 मार्च की विशेष गेर के लिए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की शहर वृत्त टीम ने विशेष रूप से तैयारी की है। जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस के अधिकारियों के साथ टोरी कार्नर, मल्हारगंज से लेकर राजबाड़ा, कृष्णपुरा तक के गेर मार्ग का निरीक्षण किया गया। गेर के मार्ग पर केबल व तार पर्याप्त व सुरक्षात्मक ऊंचाई पर किए गए हैं, वहीं कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मर के पुराने, क्षतिग्रस्त बॉक्स बदले गए है। सुभाष चौक जोन पर बिजली कंपनी का अस्थाई कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। विभिन्न ग्रिड, ट्रांसफार्मरों के पास बिजली कर्मचारी तैनात रहेंगे।

शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि ऐतिहासिक गेर के दौरान फायर फायटर से 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक रंग उड़ाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षात्मक कारणों से 11 केवी लाइन के कुल 14 फीडरों से अलग-अलग समय पर बिजली प्रदाय बंद किया जाएगा। अधीक्षण यंत्री ने बताया कि गेर मार्ग की बिजली संबंधी व्यवस्थाओं के लिए 15 इंजीनियरों समेत कुल 50 कर्मचारी तैनात रहेंगे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top