RAJASTHAN

चूरू: नीलगाय से टकराकर पलटी कार, वेटरनरी डॉक्टर की मौत

कार पलटने से वेटरनरी डॉक्टर की मौत

चूरू, 16 मार्च (Udaipur Kiran) । जिले के सादुलपुर-सिधमुख रोड पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में वेटरनरी डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर मवेशी का इलाज कर घर लौट रहे थे, तभी अचानक नीलगाय सामने आ जाने से उनकी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डॉक्टर मनोज बुडानिया (36) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका साथी रणवीर पूनिया (20) गंभीर रूप से घायल हो गया।

सादुलपुर के ढिगारला गांव निवासी डॉक्टर मनोज बुडानिया चेनपुरा गांव में पशु का इलाज कर लौट रहे थे। सिधमुख पुलिया के पास अचानक नीलगाय आ गई, जिससे कार बेकाबू होकर पांच बार पलटी खाकर करीब 100 मीटर दूर दीवार से टकरा गई। इस दौरान डॉक्टर मनोज कार से बाहर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल डॉक्टर मनोज और उनके साथी रणवीर पूनिया को ग्रामीणों ने सादुलपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में दोनों को हिसार रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टर मनोज ने दम तोड़ दिया, जबकि रणवीर पूनिया का इलाज हिसार के निजी अस्पताल में जारी है।

डॉक्टर मनोज सादुलपुर के सेउवा पशु अस्पताल में कार्यरत थे। उनके पिता हवासिंह बुडानिया सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि पत्नी ममता बुडानिया वरिष्ठ नर्सिंग कर्मचारी हैं। उनके दो छोटे बच्चे हैं। इस हादसे से परिवार और ग्रामीणों में गहरा शोक है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top