Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर में गर्मी का अटैक, पारा पहुंचा 37.5 डिग्री पर

ग्वालियर, 11 मार्च (Udaipur Kiran) । ग्वालियर-चंबल संभाग में अमूमन होली तक हल्की सर्दी का असर रहता है लेकिन इस बार होली के पहले ही गर्मी बढ़ गई है। पिछले तीन दिन में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मंगलवार काे 37.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम के जानकारों की मानें तो अभी दिन व रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है।

मौसम में पिछले दस साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में मार्च के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता रहा है। पिछले साल 2024 में भी 29 मार्च को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन इस बार मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी ने अटैक कर दिया है। मौसम विज्ञानी इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य वजह बता रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार उत्तर भारत में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। जिससे उत्तर से ठंडी हवाएं नहीं आ पा रही हैं। इसी क्रम में एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय पश्चिमी ईरान में सक्रिय है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। जहां से हरियाणा तक दोणिका लाइन बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से हवा का रुख पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हो गया है। इधर मौसम शुष्क होने से सूरज की तपन बढ़ रही है। इसी कारण दिन व रात के तापमान में वृद्धि हो रही है। ऐसे में लोगों को न केवल दिन में बल्कि रात्रि में भी गर्मी से बचने के लिए पंखा व कूलर आदि चलाने पड़ रहे हैं।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस पर बढ़कर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में अगले दो से तीन दिन तक तापमान में और बढोतरी हो सकती है। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि इस बार मार्च के अंतिम दिनों में या फिर अपै्रल की शुरुआत में ही ग्वालियर एवं चंबल संभाग में लू की स्थिति निर्मित हो सकती है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top