
जगदलपुर, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । छग. के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के पूर्व सांसद स्व.बलिराम कश्यप की पुण्यतिथि (10 मार्च) पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. बलिराम कश्यप केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बस्तर के जन-जन के हृदय में बसे जननायक थे, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज और क्षेत्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। स्व. बलिराम कश्यप का राजनीतिक जीवन दृढ़ निष्ठा, ईमानदारी और अपार जनसमर्थन का प्रतीक था। वे जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर राजनीति में आए और जनकल्याण को ही अपने सार्वजनिक जीवन का ध्येय बनाया। बस्तर की जनता के साथ उनका आत्मीय रिश्ता ही था कि उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा से लेकर लोकसभा तक लंबे समय तक जनता का प्रतिनिधित्व किया और हर मंच पर उनकी आवाज बुलंद की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्व.बलिराम कश्यप अपने विचारों और सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटे। वे सदैव बस्तर की पहचान, उसके विकास और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहे। उनके नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता ने बस्तर को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अपने चार दशकों से अधिक के राजनीतिक जीवन में उन्होंने न केवल जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया, बल्कि बस्तर के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना भी देखा। उन्हाेने कहा कि बलिराम कश्यप सही मायनों में बस्तर की आत्मा थे। उनकी सादगी, विनम्रता और नेतृत्व की ताकत ने उन्हें जनता के बीच अमर बना दिया है। उनका संघर्ष, सेवा और संकल्प हमें सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उसके जीवन में बदलाव लाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व.बलिराम कश्यप का योगदान युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगा।
(Udaipur Kiran) / राकेश पांडे
