


बरेली, 08 मार्च (Udaipur Kiran) । बीएल एग्रो ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर कामधेनु परियोजना का भव्य उद्घाटन कर एक नए युग की शुरुआत की घोषणा की। यह परियोजना फतेहगंज पश्चिमी (अगरास) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान द्वारा औपचारिक रूप से शुरू की गई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, बीएल एग्रो के संस्थापक अध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल और डायरेक्टर आशीष खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
बीएल एग्रो के अधिकारियों के अनुसार, कामधेनु परियोजना के तहत लगभग 5,000 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। यह पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी। किसानों को अत्याधुनिक सुविधाओं से जोड़ेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने एनडीए गठबंधन की जीत पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पांच दलों का गठबंधन एक मजबूत जीत दर्ज करेगा। उन्होंने 225 से अधिक सीटें जीतने का अनुमान लगाया और साथ ही, आरजेडी के शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि नब्बे के दशक में बिहार में जो भय का माहौल था, वह आज भी लोगों के मन में ताजा है।
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने बढ़ाई आयोजन की शोभा
इसके बाद बीएल एग्रो के परसाखेड़ा स्थित परिसर में एक अतिरिक्त कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने शिरकत की। बीएल एग्रो की कामधेनु परियोजना न केवल किसानों को सशक्त बनाएगी, बल्कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में भी एक नई क्रांति लाने का कार्य करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / देश दीपक गंगवार
