Uttar Pradesh

महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं : राज्यपाल आनंदीबेन

राज्यपाल से सम्मानित महिलाएं

– उत्कृष्ट योगदान देने वाली 120 महिलाएं सम्मानित

लखनऊ, 08 मार्च (Udaipur Kiran) । राजभवन में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 120 महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने महिलाओं के सशक्तिकरण, उनकी भूमिका, परिवार और समाज में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की।

शनिवार काे राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं में संवेदनशीलता और मानवता अधिक होती है, यही कारण है कि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। महिलाओं में सेवा भाव भी प्रबल होता है, जो उन्हें जीवनभर कर्मशील बनाए रखता है। महिलाएं चाहे घर में हों, कार्यालय में हों या किसी अन्य क्षेत्र में कार्यरत हों, वे सदैव ऊर्जा से भरपूर रहती हैं और स्वस्थ जीवन जीती हैं।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाएं आज घर और कार्यालय दोनों का प्रबंधन कुशलता से कर रही हैं। वे ही एक मकान को घर बनाती हैं और परिवार, परंपरा, संस्कृति, समाज तथा बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी निभाती हैं। महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। राज्यपाल ने अपने राजनीतिक और पारिवारिक संघर्षों की प्रेरणादायक कहानी भी साझा की। महिलाओं और समाज की बेहतरी के लिए कुछ करने की इच्छाशक्ति ने उन्हें राजनीति की ओर प्रेरित किया। राज्यपाल ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “जो खेलेगा, वही खिलेगा।“ उन्होंने सभी माताओं से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को खेलने के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने गुजरात सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि “तीर्थ ग्राम योजना“ के कारण गांवों में आपसी झगड़े समाप्त हो गए और सामाजिक सौहार्द्र बढ़ा। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण के लिए योजनाएं बनाती है, और जब उन्हें सही योजना, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ लागू किया जाता है, तो देश तेजी से प्रगति करता है।

राज्यपाल ने ड्रोन दीदी योजना की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं आधुनिक तकनीक का उपयोग कर किसानों की सहायता कर रही हैं, जिससे समाज और देश को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर मण्डलायुक्त डॉ. रोशन जैकब, विभिन्न विश्वविद्यालयों की महिला कुलपति, विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित महिलाएं, राजभवन के अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

————–

(Udaipur Kiran) / दीपक

Most Popular

To Top