
शिमला, 08 मार्च (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप स्मारक भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार लाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है। इसी के तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र ही एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों के दौरान भ्रष्टाचार पर कड़ा अंकुश लगाया है, जिसके परिणामस्वरूप 2,600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। यह धनराशि अब जनता के कल्याण और विकास कार्यों पर खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और सरकार प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर कोने में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महाराणा प्रताप देश के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक हैं और उनके नाम पर स्मारक भवन का निर्माण होना गर्व की बात है। उन्होंने भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह भवन समाज के लोगों को एकजुट करने का केंद्र बनेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
