Haryana

जींद : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए महिलाएं।

जींद, 8 मार्च (Udaipur Kiran) । जन संगठनों ने शनिवार को नेहरू पार्क में जनसभा कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। सभा की अध्यक्षता कोशिगन, सुशीला, राजबाला, संतोष मांडो, सुनीता ने की। सभा के बाद महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन जिला प्रशासन की तरफ से पहुंचे एसडीओ रघुवीर को सौंपा। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंची महिला समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगमती सांगवान ने कहा कि धर्म, जाति, नस्ल व क्षेत्र के आधार पर इंसानों में नफरत और भेदभाव फैलाया जा रहा है। एक तरफ बेरोजगारी और दूसरी तरफ महंगाई ने परिवार का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। हरियाणा जैसे राज्य में महिलाओं और बच्चों में खून की कमी, कम वजन और कुपोषण बढ़ रहा है।

आर्थिक तंगी के कारण घरों में तनाव, नशा, हिंसा व कर्ज मे डूबे हुए हैं। सार्वजनिक राशन प्रणाली तो गरीब परिवारों के लिए संजीवनी का काम कर सकती है, उसे केवल वोट हासिल करने के माध्यम के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। अभी विधानसभा चुनाव के दौरान 70 लाख परिवारों के बीपीएल कार्ड बनाए गए और अब सरकार के द्वारा राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। समान काम के लिए समान वेतन लागू नही है। महिलाओं को घरों में पुरुषों से लगभग सात घंटे से ज्यादा काम करना पड़ता है। हरियाणा का लिंगानुपात पिछले सात साल में सबसे कम 910 पर पहुंच कर राज्य में केवल बेटियों द्वारा आत्महत्या भी बढ़ रही है। पिछले साल 32 हजार महिलाएं बलात्कार, एक लाख महिलाएं घरेलू हिंसा और आठ हजार महिलाएं दहेज के नाम पर शिकार हुई हैं।

उन्होंने मांग की कि जींद शहर सहित सभी शहरों में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया जाए। शिक्षण संस्थाओं व कोचिंग सेंटरों पर सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं और गुंडागर्दी पर रोक लगाई जाए। जिले में बढ़ते नशे पर रोक लगाई जाए। महिलाओं के लिए सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध किया जाए तथा सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाई जाए। समान काम समान वेतन लागू किया जाए। 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन हो, महिलाओं को नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top