
-शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क को टाइगर रिजर्व बनाने पर मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
ग्वालियर, 07 मार्च (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार देर शाम ग्वालियर पहुंचे। यहां रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर सिंधिया ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने विपक्ष के द्वारा औरंगजेब के महिमामंडन पर कहा कि कुछ लोग अभी भी विदेशी आक्रांताओं से आकर्षित हैं। मैं मराठा हूं और भारत माता का बेटा हूं। हमें हमारे योद्धाओं पर गर्व है।
दरअसल, विपक्ष के नेता औरंगजेब को लेकर सियासत कर उसका महिमामंडन कर रहे हैं, इसको लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कुछ लोग अभी भी विदेशी आक्रांताओं से आकर्षित हैं। उनकी जय जयकार करने में उनको अच्छा लगता है। मैं भारत का नागरिक हूं। मुझे अपनी भारत माता पर गर्व है। हमारे योद्धाओं पर गर्व है, जिन्होंने भारत माता को आजाद करने के लिए जीवन का बलिदान किया।
उन्होंने कहा कि केवल मराठा ही नहीं चाहे वह आदिवासी समाज के हो, चाहे वह अन्य समाज के हो। इन सभी ने अपने प्राणों का बलिदान किया है। भारत का इतिहास भारत की संस्कृति कोई 200, 400 या 500 साल पुरानी नहीं बल्कि हजारों साल पुरानी है। विपक्ष यह सब इसलिए कह रहा है क्योंकि आज भी वह आक्रांताओं की मानसिकता में डूबा हुआ है। भारत आगे बढ़ रहा है और वह आज भी अतीत में अटके हुए हैं।
सिंधिया ने कहा कि एक खुशी की बात यह है कि शिवपुरी का माधव नेशनल पार्क अब माधव टाइगर रिजर्व बनने जा रहा है। आगामी 10 मार्च को मेरे पिताजी स्व. माधवराव सिंधिया की 80वीं जन्म जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री व वनमंत्री भूपेन्द्र सिंह इसका शुभारंभ करेंगे। यह पल मेरे लिए खास रहेगा। इसके लिए सिंधिया ने मुख्यमंत्री और वन मंत्री का आभार भी माना है।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सिंधिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वर्ल्ड मोबाइल कॉन्फ्रेंस 2025 का विश्व पटल पर आयोजन किया गया। वहां भारत की क्षमता भारत की प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व को केवल यूरोप के 27 देश में ही नहीं बल्कि विश्व के देशों ने सराहा है। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता आज रखता है।
विदेश मंत्री जयशंकर द्वारा लंदन में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत में शामिल होने पर शांति कायम होने के बयान का सिंधिया ने भी समर्थन किया है। सिंधिया ने कहा कि उनके इस बयान से किसको आपत्ति हो सकती है। उन्होंने सही कहा कि पीओके हमारा होना ही चाहिए।
———
(Udaipur Kiran) तोमर
