
गुरुग्राम, 6 मार्च (Udaipur Kiran) । मानेसर नगर निगम के चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि मानेसर से भाजपा प्रत्याशी यानी वे मजबूती से चुनाव जीत रहे हैं। उन्होंने दावे के साथ कहा कि 12 मार्च को हरियाणा में सबसे पहले मानेसर में भाजपा के मेयर की घोषणा होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा के 10 नगर निगमों में कमल खिलेगा। भाजपा के ही मेयर बनेंगे। यह बात उन्होंने गुरुवार को सेक्टर-82 स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही।मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव ने मानेसर नगर निगम के सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके विश्वास की जीत होने जा रही है। कमल के फूल पर दबाया गया बटन मानेसर के विकास को आगे ले जाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि हम 15 हजार से अधिक वोटों से यह चुनाव जीत रहे हैं। सभी 96 बूथों का उन्होंने आंकलन किया है। इसमें 80 से अधिक बूथों पर भाजपा जीत रही है। उन्होंने कहा कि मानेसर की जनता ने विकास के नाम पर वोट किया है। जनता विकास चाहती है। विकास के लिए ही जनता ने भाजपा को वोट दिया। उन्होंने क्षेत्र में बनी सोसायटी के मतों को लेकर कहा कि यहां 12 हजार वोट पोल हुए हैं, इनमें से लगभग 11 हजार वोट अकेले भाजपा के पक्ष में ही जनता के दिए हैं। ऐसा उनका विश्वास है। सरपंच सुंदर लाल यादव ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कैबिनेट मंत्री आरती राव, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद कंगना रनौत, सांसद मनोज तिवारी, हरियाणा के राज्य मंत्री गौरव गौतम, पूर्व मंत्री बनवारी लाल, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, पटौदी के पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता का चुनाव में उनकी जीत को सुनिश्चित करने के लिए आभार जताया। उन्होंने सभी आरब्ल्यूए पदाधिकारियों, क्षेत्र के मौजिज व्यक्तियों का भी आभार जताया।
(Udaipur Kiran)
