Uttar Pradesh

राष्ट्रीय सेवा योजना से सेवाभाव की प्रेरणा मिलती है : प्रो जया कपूर

सम्बोधित करती प्रो जया कपूर

-एनएसएस से आपके व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास : प्रो आनंद शंकर सिंह

प्रयागराज, 05 मार्च (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय सेवा योजना का मोटो सेवा है, जो आपको अपने काम में सेवाभाव लाने की प्रेरणा देता है। अगर आपने किसी कार्य को बिना भावना के कर लिया तो वह केवल कागजी काम है। लेकिन सेवा का जो भाव है वह आप में बदलाव लाएगा। अगर इस भाव के लिए कोर्स किया तो निश्चित रूप से आप सफल होंगे। आपके अंदर कुछ बदलाव आएगा।

उक्त विचार मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पी.आर.ओ. प्रोफेसर जया कपूर ने बुधवार को ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के शुभारम्भ पर व्यक्त किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए होने वाली एक्टिविटीज के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सात दिन के कैंप की पूरी प्रक्रिया में आप पूरी तरह से जुड़ जाते हैं। इसमें आपको पूरी शिद्दत के साथ काम करना है। जैसे कि हमने कुंभ मेले में डेढ़ महीने तक पूरी शिद्दत के साथ काम किया।

प्रो कपूर ने कहा कि इन सात दिनों में आपको बहुत से ऐसे काम करने पड़ेंगे जो आपको गरीब, असहाय, स्वच्छता, स्वास्थ्य व देश से जोड़ेगा। समाज को डिग्री की नहीं बल्कि स्किल, मूल्य, एथिक्स और डिग्निटी की जरूरत है जो राष्ट्रीय सेवा योजना आपको दे रहा है। आपका सम्मान कम नहीं होता है। अगर आप कोई छोटा काम करते हैं। आपको किसी व्यक्ति का स्तर नहीं देखना चाहिए बल्कि उसकी स्किल देखनी चाहिए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद शंकर सिंह ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इन सात दिनों में आपको बहुत कुछ सीखने को मिलेगा जो जीवन पर्यंत आपके लिए सहायक सिद्ध होगा। एन एस एस के जरिए छात्र छात्राएं कुशल सामाजिक नेता, प्रशासक और मानव स्वभाव को समझने वाले व्यक्ति बनते हैं। यह आपको सरकार के अलग-अलग सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों और गतिविधियों में हिस्सा लेने का मौका देता है। जिससे आपके व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास होता है। इसकी गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज हित के लिए कार्य करते हैं।

महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉक्टर अरविंद मिश्रा ने सप्त दिवसीय विशेष शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि डेढ़ महीने के कुंभ मेले में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के बहुत से स्वयंसेवकों ने दिन-रात ड्यूटी करके, वृद्धों की समस्याओं, असहाय लोगों की सहायता करके, यातायात नियंत्रण, आपदा सेवा, खोया पाया सहयोग इत्यादि में भागीदारी करके कुंभ मेले में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ रुचि गुप्ता व धन्यवाद ज्ञापन डॉ शैलेश यादव ने किया।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें शुभम कुमार, प्रख्यात, संदेश कुमार, सत्यम मिश्रा, आनंद पटेल, विवेक, अभिषेक, नारायण, शशांक, शक्ति, केतन, साक्षी, प्रतीक्षा, साध्वी, कशिश, रिया, राधा, साक्षी, सबरीन आदि छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्णा सिंह ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top