
फिरोजाबाद, 4 मार्च (Udaipur Kiran) । सपाइयों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने निगम पर मनमाने तरीके से टैक्स वसूली का आरोप लगाते हुए एसडीएम मुख्यालय को ज्ञापन भी सौंपा।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में सपा नेता जिला मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव ने कहा कि नगर निगम जीआईएस सर्वे के आधार पर अवैध तरीके से कर वसूल कर रहा है। भवनों को न तो नेम प्लेट दी गई है और न ही संख्या दी गई है लेकिन फिर भी भवन स्वामियों से ब्याज सहित टैक्स बसूला जा रहा है जो पूरी तरह गलत है। पूर्व एमएलसी डॉ. दिलीप यादव ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015-16 में हजारों नागरिकों द्वारा जमा किया गया टैक्स निगम के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। निगम के कर्मचारी अधिकारियों के संरक्षण में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने वालों में छुट्टन भाई, राजू जर्रार, आदर्श यादव धन्नू, कमलेश यादव, संजय कुशवाह आदि सपाई मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़
