
उज्जैन, 2 मार्च (Udaipur Kiran) । विक्रमोत्सव-2025 के तहत तीन दिवसीय न्याय वैचारिक समागम के दूसरे दिन रविवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के ग्वालियर खंडपीठ के न्यायमूर्ति अनिल वर्मा ने विक्रमादित्य का न्याय विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होने कहा कि विक्रमादित्य के समय न्याय सभाएँ होती थी। धर्म शास्त्री न्याय के लिए मददगार होते थे। वर्तमान समय में शीघ्र और त्वरित न्याय मिले, इस पर चिंता किये जाने की आवश्यकता है। हमें संविधान के नैतिक मूल्यों और अधिकारों के साथ बनाये गये कानूनों को ध्यान में रखकर कार्य व व्यवहार करना चाहिए। हमारी स्कूली शिक्षा में कानून को जोड़ा जाना आवश्यक है, ताकि स्कूली समय से ही उन्हें कानून के विषय में जानकारी रहे।
न्यायमूर्ति वर्मा ने कहा कि विक्रमादित्य का नाम विश्व इतिहास में महान न्याय सम्राट, चक्रवर्ती शासक और विद्वानों के संरक्षक के रूप में अंकित है। उनके बाद के राजाओं ने यदि कोई अच्छा न्याय किया तो उन्हें विक्रमादित्य की उपाधि मिली। विक्रमादित्य ने अपने शासनकाल में अमानवीयता को खत्म कर, न्याय व्यवस्था को दंड देने के बजाय सुधार व्यवस्था बनाया था। न्याय की अवधारणा के प्रति उनकी प्रणाली आज भी प्रासंगिक है। उनकी न्याय की गाथाएँ आज भी किंवदंतियों के रूप में प्रचलित हैं।
समागम में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आईएस श्रीवास्तव ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को भूलना नहीं चाहिए। प्राचीन काल से हमारे देश में हर क्षेत्र में समृद्धि का वातावरण रहा है। घर से ही बच्चा सीखता है। बच्चों को घर में ही शिक्षित दीक्षित करें। हमें पुन: अपनी संस्कृति को संरक्षित एवं संवर्धित करना होगा।
मुख्य वक्ता पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीके व्यास ने कहा कि विक्रमादित्य के न्याय पर राजा की छवि आज भी प्रासंगिक बनी हुई है। भारतीय न्याय संहिता में सामुदायिक सेवा के दंड को जोड़ा गया है। मैं यहा उपस्थित न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं से अनुरोध करता हूँ कि वह सामुदायिक सेवा दंड का आग्रह किया करें।
समागम के दूसरे सत्र की अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने की। मुख्य वक्तव्य अपर जिला न्यायाधीश कपिल नारायण भारद्वाज ने दिया। मुख्य अतिथि विशेष न्यायाधीश जिला न्यायालय, उज्जैन सुनील कुमार सिंह थे।
अतिथि स्वागत बार काउंसिल के अध्यक्ष अशोक यादव, रविंद्रसिंह कुशवाह, प्रखर पुराणिक एवं डॉ. अजय शर्मा ने किया। प्रारंभ में कवि दिनेश दिग्गज ने सम्राट विक्रमादित्य पर केंद्रित कविता का पाठ किया। प्रो. प्रशांत पुराणिक, डॉ. रमण सिंह सोलंकी, डॉ. जफर महमूद, डॉ. निशा केवलिया,नीता सक्सेना, विश्वजीतसिंह चौहान, संतोष मालवीय, शेखर श्रीवास्तव, दुर्गेश साहू, डॉ. अरुणा सेठी, डॉ. चंद्रदीप यादव, डॉ. प्रदीप लाखरे उपस्थित थे
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
