
जबलपुर, 2 मार्च (Udaipur Kiran) । सिहोरा थाना अंतर्गत पौड़ा गाँव में एक महिला की लाश घर पर पाई गई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि देर रात अज्ञात व्यक्ति ने महिला की गला रेतकर हत्या की है। घटना की जानकारी तब लगी जब काम पर जाने के लिए उसकी साथी महिला घर पहुँची। दरवाजा खुला देखकर उसने अंदर जाकर देखा तो महिला की लाश फर्श पर पड़ी हुई थी। जिसके बाद इसकी जानकारी महिला ने आसपड़ोस के लोगों को दी।
पुलिस के अनुसार,पुट्टन बाई मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही थीं और गाँव की एक अन्य महिला के साथ रोजाना काम पर जाती थीं। महिला अकेले रहती थी उनके पति प्यारेलाल कोल का पूर्व में निधन हो चुका था, जबकि उनका बेटा ईंट भट्टे में काम करता है। लोगों के अनुसार, रात करीब 10 बजे पुट्टन बाई को घर के बाहर देखा गया था। पुलिस ने हत्यारे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या किसी करीबी ने ही की है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जाँच में जुटी हुई है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
