West Bengal

चुंचुड़ा में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप

हुगली, 01 मार्च (Udaipur Kiran) । हुगली जिले के चुंचुड़ा में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चुंचुड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 के निवासी जयंत खान तृणमूल के बूथ अध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी सुषमा खान की मृत्यु के बाद उनका नाम मतदाता सूची से हटाने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, उस आवेदन के बाद जयंत का नाम सूची से हटा दिया गया और उनकी पत्नी सुषमा का नाम बरकरार रखा गया।

चुंचुड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष संजीव मित्रा ने कहा कि हमारी पार्टी के बूथ अध्यक्ष का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उनकी दिवंगत पत्नी का नाम सूची में है। हमने मामले की जानकारी महकमा शासक को दे दी है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां वोट देने वालों का बूथ नंबर भी बदल गया। हमारे वार्ड नम्बर 18 के कई मतदाता वार्ड नम्बर 15 में चले गये हैं। हम मतदाता सूची पर गौर कर रहे हैं और जहां कहीं भी समस्याएं हैं, उन्हें ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं।

दरअसल, पिछले गुरुवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में तृणमूल कांग्रेस के राज्य सम्मेलन के मंच से ममता बनर्जी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। इसके बाद शनिवार को मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने चुंचुड़ा विधानसभा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती, पार्टी जिलाध्यक्ष अरिंदम गुईन, चुंचुड़ा विधायक असित मजूमदार सहित तृणमूल नेता मौजूद थे।

वहीं, मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी ने निर्देश दिया है कि हर विधानसभा के हर बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच की जाए। हमें यह जांचने की जरूरत है कि असली मतदाताओं के नाम सूची में हैं या नहीं, और कहीं फर्जी मतदाता तो नहीं हैं। दिल्ली चुनाव में कई फर्जी मतदाता ऑनलाइन प्रणाली से प्रवेश कर गए थे। दिल्ली में भाजपा की जीत इसी फर्जी मतदाता के कारण हुई है। हम एक सटीक मतदाता सूची बनाना चाहते हैं। चुनाव आयोग निगरानी कर रहा है, लेकिन ऑनलाइन मतदाता सूची बनाना एक समस्या बन रही है।

मतदाता सूची को लेकर तृणमूल के आरोपों के बारे में भाजपा के हुगली जिला सचिव सुरेश साव ने कहा कि मतदाता सूची कौन तैयार करता है? रोहिंग्याओं का नाम मतदाता सूची में किसने शामिल किया है? इस तरह उन्हें राज्य में आश्रय दिया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस अपने मतपेटी को मजबूत करने के लिए फर्जी मतदाता सूची तैयार कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top