West Bengal

उच्च न्यायालय के आदेश पर गंगारामपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान

दक्षिण दिनाजपुर, 1 मार्च (Udaipur Kiran) । उच्च न्यायालय के आदेश पर गंगारामपुर ब्लॉक के थांगापाड़ा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में थांगापाड़ा संलग्न कोरियाल इलाके में 512 राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक विशेष अभियान चलाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गंगारामपुर थाना आईसी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में छह घरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

बेघर हुए बसाना राय ने कहा, इस इलाके में 60 साल से रह रही थी। पहले पेट्रोल पंप निर्माण के लिए यह जगह खाली करने की बात कही गई थी। जिस पर इलाके के लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की थी। आज अचानक प्रशासन ने आकर उसके मकान को तोड़ दिया। अब मैं अपने बीमार पति को कहां ले जाऊंगी?’

वहीं, स्थानीय निवासी गोपाल सरकार ने कहा, प्रशासनिक अधिकारी हमारे इलाके के छह घरों को खाली करने का निर्देश दिया था। पिछली बार जब वह आये थे तो 90 दिनों में घर खाली करने का नोटिस देकर चले गए थे। प्रशासन ने मुख्य सड़क से 12 मीटर पीछे हटने को कहा था। प्रशासन के निर्देश को मानते हुए वे पीछे हट गए थे। फिर भी प्रशासन ने घरों को तोड़ दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहायक अभियंता बिप्लब राय ने कहा, कोरियाल इलाके में एक पेट्रोल पंप बनाया जायेगा। लेकिन स्थानीय कक लोगों ने इस क्षेत्र पर जबरन कब्ज़ा कर रखा था। कई बार लोगों को जगह खाली करने का निर्देश दिया गया, लेकिन वे लोग नहीं हट रहे थे।

आखिरकार हाईकोर्ट के आदेश और पुलिस प्रशासन की मदद से छह मकानों को हटा दिया गया है। पुनर्वास के मुद्दे पर उन्होने कहा कि, सबका अपना अलग माकन है। वे लोग बलपूर्वक इस स्थान पर कब्ज़ा कर रखा था।

वहीं, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दीपांजन भट्टाचार्य ने कहा, ‘राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने हमसे जगह खाली करने का अनुरोध किया था। उनकी मौजूदगी में और उच्च न्यायालय के आदेश पर छह मकानों को खाली करा लिया गया है।

(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार

Most Popular

To Top