Bihar

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर भारतीय विज्ञान में पीएम मोदी का योगदान विषयक संगोष्ठी का आयोजन

संगोष्टी उद्घाटन करते अतिथि

पूर्वी चंपारण,28 फ़रवरी (Udaipur Kiran) ।राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर राधा कृष्ण सिकरिया बीएड,एएनएम फार्मेसी एवं पैरामेडिकल कॉलेज के सभागार में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का विषय भारतीय विज्ञान बनाम मोदी था। जिसमें भारतीय विज्ञान की प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान पर विमर्श किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते आयोजक, भाजपा युवा नेता यमुना कुमार सिकरिया ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, चाहे वह शरीर की संचार प्रणाली हो, डिजिटल इंडिया की पहल हो, चंद्रमा और सूर्य पर पहुंचने की सफलता हो या फिर मोबाइल फोन और घरेलू उपकरणों का उपयोग।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय विज्ञान विश्व पटल पर अपनी नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, संस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. शंभू नाथ सिकरिया ने अपने संबोधन में कहा कि अध्यात्म और विज्ञान का गहरा संबंध है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत अध्यात्म में छिपे विज्ञान के रहस्यों को उजागर कर रहा है और वैज्ञानिक नवाचारों में सफलता प्राप्त कर रहा है।

संगोष्ठी को महिला कॉलेज के प्राचार्य पंकज कुमार, टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभूषण पांडेय, नगर निगम के उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, रामायण मर्मज्ञ प्रो. राम निरंजन पांडे, राकेश ओझा, वार्ड पार्षद धीरज जायसवाल और अनिल प्रसाद ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने भारतीय विज्ञान की वर्तमान स्थिति, सरकार की नीतियों और नवाचारों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Most Popular

To Top