Uttrakhand

एरीज में ग्रहों व तारामंडल को देख सकेंगे आम लोग

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान

नैनीताल, 27 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एरीज यानी नैनीताल स्थित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 28 फरवरी 1928 को भारत रत्न सीवी रामन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है। किंतु इस दौरान संभावित बारिश के कारण एरीज में रविवार 2 मार्च को सार्वजनिक अवकाश के दौरान सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और 28 फरवरी को केवल एरीज के यूट्यूब चैनल पर सुबह 10 बजे से वैज्ञानिक व्याख्यानों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

एरीज विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि दो मार्च को आम जनता और विद्यार्थियों के लिए वेधशाला भ्रमण, सूर्य के धब्बों का विशेष दूरबीन से अवलोकन, देवस्थल स्थित एशिया की सबसे बड़ी 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप और 4 मीटर अंतर्राष्ट्रीय तरल दर्पण टेलीस्कोप की जानकारी, तारामंडल शो और वैज्ञानिकों से संवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

सूर्यास्त के बाद शाम 6.45 बजे से दूरबीन के माध्यम से शुक्र, बृहस्पति, मंगल और अन्य खगोलीय पिंडों को दिखाया जाएगा। एरीज का यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा और इसके लिये किसी भी पूर्व पंजीकरण या नामांकन की आवश्यकता नहीं होगी। वरन जनता की सुविधा के लिए नैनीताल बस स्टैंड से सुबह 10 और 2 बजे और वापसी में दोपहर 1 व शाम 5 बजे वापस लौटने के लिए निःशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध होगी। लोग अपने निजी वाहनों से भी एरीज पहुँच सकते हैं।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top