
यमुनानगर, 27 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम ने करवट बदली है। गुरुवार अलसुबह से हो रही बूंदाबादी से जहां एक और तापमान में गिरावट आई है, वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले एक दो दिन इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञ इस बूंदाबांदी को गेहूं की फसल के लिए लाभकारी बता रहें हैं।
गुरुवार को अधिक जानकारी देते हुए जिला कृषि विभाग के उप निदेशक डॉक्टर आदित्य डबास ने बताया कि इस बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा। वहीं मिट्टी में नमी भी बनी रहेगी। वैसे तो दस मार्च तक समय-समय पर गेहूं की फसल को पानी भी दिया जाता है और मार्च के पहले एक सप्ताह में अगर तापमान में बढ़ौतरी होती है तो इसका असर गेहूं के उत्पादन पर पड़ेगा और उत्पादन में कमी आएगी।
वहीं मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान अनुसार प्रदेश में एक मार्च तक बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बादलवाई के साथ मध्यम गति से हवाएं चल सकती हैं।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
