HEADLINES

बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर होगा 251 बेटियों का विवाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी शामिल

राष्ट्रपति और धीरेन्द्र शास्त्री (फाइल फोटो)

छतरपुर, 25 फरवरी (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की 251 बेसहारा- गरीब कन्याओं का विवाह होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बागेश्वर धाम पहुंचकर सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगी और नवदंपति को आशीर्वाद प्रदान करेंगी।

यह आयोजन प्रसिद्ध कथावाचक एवं बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में श्री बागेश्वर जन सेवा समिति ने छतरपुर जिला के मुख्यालय से करीब 23 किलोमीटर दूर गढ़ा गांव में किया जा रहा है। इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में राष्ट्रपति मुर्मु मौजूद रहेंगी। इस दौरान वे 251 बेसहारा कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगी और नवदंपत्तियों को अपना आशीर्वाद देंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा और आरपी सिंह भी आएंगे। गायक सोनू निगम, अभिनेता पुनीत वशिष्ठ और पहलवान द ग्रेट खली भी समारोह में शामिल होंगे।

छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मु सुबह 10 से 11 बजे के बीच गढ़ा पहुंचेंगी और बुधवार को दोपहर करीब दो बजे रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए 1500 से 2000 जवानों की तैनाती की जाएगी, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, शौचालय और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल को 30-35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और लोगों के लिए बड़ी टीवी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी।

आयोजन के लिए 20 लाख लोगों के भंडारे की व्यवस्था है। मैन्यू में बूंदी, रायता, जलेबी, मालपुआ, पुलाव समेत 13 व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके लिए 400 लोग पिछले छह दिन से खाना बनाने में जुटे हैं। नवविवाहित जोड़ों को उपहार में ढाई लाख रुपये कीमत के घरेलू उपयोग का सामान दिया जाएगा। इनमें डबल बेड, सोफा, आटा चक्की, अलमारी, ड्रेसिंग समेत घरेलू उपयोग के 56 आइटम शामिल हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा न केवल धार्मिक और सामाजिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान के प्रयासों को भी रेखांकित करता है। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top