शिमला, 25 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2009 बैच के अधिकारी रोहन चंद ठाकुर को भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग में निदेशक पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति केंद्र सरकार की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत की गई है और उनकी सेवा अवधि पांच वर्षों के लिए होगी। इस संबंध में प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है।
रोहन चंद ठाकुर वर्तमान में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें केंद्र सरकार के वित्तीय सेवा विभाग दिल्ली में पदस्थापित किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
रोहन चंद ठाकुर एक कुशल और अनुभवी आईएएस अधिकारी माने जाते हैं। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक के रूप में उन्होंने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में कई सुधार किए और निगम की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रदेश सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने रोहन चंद ठाकुर की सेवाओं को भारत सरकार को सौंपने की स्वीकृति दे दी है। अधिसूचना के अनुसार ठाकुर को तुरंत नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्मिक विभाग के विशेष सचिव (कार्मिक) डी.सी. राणा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस आदेश की प्रतिलिपि वित्त मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली सहित अन्य संबंधित विभागों को भी भेजी गई है।
रोहन चंद ठाकुर की प्रतिनियुक्ति के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राज्य सरकार जल्द ही इस पद के लिए नए अधिकारी को नियुक्त करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
