
– महाशिवरात्रि का महापर्व बुधवार को, रात्रि से होंगे अभिषेक और दर्शन
ग्वालियर, 24 फरवरी (Udaipur Kiran) । महाशिवरात्रि का महापर्व बुधवार, 26 फरवरी को शहर में श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए शिव मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। वहीं मंदिरों में भक्तों द्वारा भगवान के दर्शन और अभिषेक मंगलवार रात्रि 12 बजे से शुरू हो जाएंगे।
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भक्तों का प्रवेश ललितपुर कॉलोनी, नंदी और त्रिशूल द्वार से होगा। मंदिर के व्यवस्थापक राजेश पाराशर ने बताया कि शासन के आदेशानुसार यहां डीजे पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर के आसपास सीसीटीव्ही कैमरों से निगरानी होगी। प्रसाद वितरण के लिए 40 स्टॉल बनाए गए हैं। प्रत्येक स्टॉल पर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। मंदिर में प्लास्टिक का उपयोग कतई नहीं किया जाएगा। मंदिर में फूल बंगला और 56 भोग लगेगा।
महाशिवरात्रि पर छत्र एवं त्रिग्रही योग का संयोग: वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार 26 फरवरी महाशिवरात्रि पर छत्र योग में सूर्य, बुध, शनि से इस दिन त्रिग्रही योग बन रहा है। प्रथम पहर के पूजन का समय शाम 06:17 से रात्रि 09:23 बजे तक रहेगा। द्वितीय पहर के पूजन का समय रात्रि 09:23 से 12:23 बजे तक, तृतीय पहर के पूजन का समय रात्रि 12:30 बजे से 03:30 बजे तक। चतुर्थ पहर का पूजन 03:30 से प्रात: 06:43 बजे तक रहेगा। निशीथ काल का पूजन रात्रि 12:05 से 12:55 बजे रात्रि तक श्रेष्ठ है।
व्रत पारण का समय 27 फरवरी गुरुवार प्रात: 06:43 से 08:54 बजे तक श्रेष्ठ है जो चतुर्दशी समापन से पूर्व होना चाहिए।
(Udaipur Kiran)
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा
