Sports

सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 2025 का राष्ट्रीय प्रतियोगिता कैलेंडर जारी किया

भारतीय सर्फर्स

चेन्नई, 24 फरवरी (Udaipur Kiran) । सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने 2025 के लिए एक विस्तृत राष्ट्रीय प्रतियोगिता कैलेंडर जारी किया है। इसका उद्देश्य भारतीय सर्फर्स को अधिकतम समुद्री प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे आगामी एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह से तैयार हो सकें।

एसएफआई ने आधिकारिक तौर पर 2025 राष्ट्रीय सर्फिंग और स्टैंड-अप पैडल (एसयूपी) इवेंट कैलेंडर जारी किया है, जो भारत में इस खेल की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता का एक और प्रमाण है। 2024 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल करने के बाद 2025 भारतीय सर्फिंग को वैश्विक मंच पर और मजबूत करने का वर्ष होगा।

भारतीय सर्फिंग की ऐतिहासिक सफलता

वर्ष 2024 भारतीय सर्फिंग के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। राष्ट्रीय टीम ने एशिया में 5वीं रैंक हासिल की और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। मालदीव में हुए एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप में भारतीय सर्फ टीम ने 2026 एशियन गेम्स के लिए दो कोटा स्थान अर्जित किए और टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता।

एसएफआई के अध्यक्ष अरुण वासु ने कहा, 2024 हमारे लिए बदलाव का वर्ष रहा है। हमारे एथलीटों, राज्य संघों और प्रमुख साझेदारों की कड़ी मेहनत से भारतीय सर्फिंग ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 2025 में हमारा ध्यान नए खिलाड़ियों को तैयार करने और अधिक अवसर पैदा करने पर रहेगा। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हमारी गति बनाए रखने और भारतीय सर्फिंग को वैश्विक स्तर पर ऊपर उठाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। मैं तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक सरकारों को उनके बहुमूल्य समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।

2025 राष्ट्रीय कैलेंडर: सर्फिंग के विकास की दिशा में एक और कदम

2025 सर्फिंग सीजन की शुरुआत अप्रैल में केरल में वर्कला सर्फिंग चैंपियनशिप से होगी। इसके बाद मई में कर्नाटक में इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग का आयोजन होगा। अगस्त में ईस्ट कोस्ट प्रो टूर के तहत पुडुचेरी, महाबलीपुरम और कोवेलोंग में कई प्रतियोगिताएं होंगी। स्टैंड-अप पैडल प्रतियोगिताएं जून में अलंबारा एसयूपी चैलेंज और पाल्कबे एसयूपी चैलेंज (तमिलनाडु) से शुरू होंगी। इसके बाद नवंबर में कर्नाटक पैडल फेस्टिवल और दिसंबर में केरल एसयूपीचैलेंज आयोजित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय पहचान और भविष्य की राह

भारत की तेजी से बढ़ती सर्फिंग प्रतिष्ठा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है। इंटरनेशनल सर्फिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष फर्नांडो अगुएर्रे ने कहा कि

सर्फिंग दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते खेलों में से एक है। हम भारत को इस खेल के विकास में सकारात्मक कदम उठाते हुए देखकर खुश हैं।

भारतीय अंडर-21 टीम ने रीयूनियन द्वीप में आयोजित इंडियन ओशन चैलेंज में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते। साथ ही, भारत ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय स्टैंड-अप पैडल चैंपियनशिप की मेजबानी की और फ्रांस सर्फिंग फेडरेशन के साथ साझेदारी कर इस खेल के विकास को बढ़ावा दिया।

एशियन सर्फिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अत्सुशी सकाई ने कहा, 2026 एशियन गेम्स में भारत की सर्फिंग में पहली भागीदारी इस क्षेत्र में इस खेल के नए युग की शुरुआत को दर्शाती है। भारत की मजबूत साहसिक खेल संस्कृति, विशाल तटीय अवसंरचना और बढ़ती कनेक्टिविटी इसे एक प्रमुख सर्फिंग केंद्र बना सकती है। इस खेल के लिए अपार संभावनाएं हैं।

सर्फिंग प्रतियोगिताएं 2025

अप्रैल: वर्कला सर्फिंग चैंपियनशिप, केरल

मई: इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग, कर्नाटक

अगस्त: ईस्ट कोस्ट प्रो टूर,पुडुचेरी

अगस्त: ईस्ट कोस्ट प्रो टूर, महाबलीपुरम, तमिलनाडु

अगस्त: ईस्ट कोस्ट प्रो टूर, कोवेलोंग, तमिलनाडु

स्टैंड-अप पैडल प्रतियोगिताएं 2025

जून: अलंबारा एसयूपीचैलेंज, तमिलनाडु

जून: पाल्कबे एसयूपीचैलेंज, तमिलनाडु

नवंबर: कर्नाटक पैडल फेस्टिवल, कर्नाटक

दिसंबर: केरल एसयूपीचैलेंज, केरल

—————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top