
न्यूयॉर्क, 21 फरवरी (Udaipur Kiran) । पुडुचेरी स्थित मानाकुला विनयागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र विश्वा राजकुमार ने प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगिता ‘मेमोरी लीग वर्ल्ड चैम्पियनशिप-2025’ जीत ली। उन्होंने 13.50 सेकंड में 80 क्रमरहित संख्याओं और 8.40 सेकंड में 30 छवियों को याद करके यह कामयाबी हासिल की।
द न्यूयॉर्क टाइम्स समाचार पत्र के अनुसार भविष्य के बारे में विश्वा ने कहा, ”कॉलेज पूरा होने के बाद (दो से तीन माह बाद) मैं शायद एक मेमोरी ट्रेनर बनने की कोशिश करूंगा। अन्य लोगों को यह तकनीक सिखाने के लिए भारत में एक मेमोरी संस्थान बनाऊंगा। मेरा लक्ष्य इसे बड़ा बनाना है।” राजकुमार ने चीजों को याद करने की अपनी तकनीक पर कहा, ‘‘शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे आपके मस्तिष्क को मदद मिलती है। मान लीजिए कि आप कोई किताब पढ़ रहे हैं। आप उसे जोर से बोलकर नहीं पढ़ रहे, लेकिन आप अपने मन में चीजें बोल रहे हैं। अगर आप बहुत सारा पानी नहीं पीते हैं तो आपकी गति थोड़ी धीमी रहेगी। अगर आप बहुत सारा पानी पीते हैं तो आप तेजी से पढ़ पाएंगे। भारतीय छात्र राजकुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता जीतने के बाद वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए।
मेमोरी लीग वेबसाइट के अनुसार 20 वर्षीय विश्वा राजकुमार 5,000 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे। हाल ही में आयोजित चैम्पियनशिप में राजकुमार ने 13.50 सेकंड में 80 संख्याएं और 8.40 सेकंड में 30 चित्र याद किए।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
