
दक्षिण 24 परगना, 21 फरवरी (Udaipur Kiran) । गंगासागर जाते समय एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटने से दस तीर्थयात्री घायल हो गए। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया । घायल तीर्थयात्रियों को अस्पताल ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी एक बस शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दक्षिण 24 परगना जिले के गंगासागर स्थित कचुबेरिया से गंगासागर जा रही थी। चौरंगी के पास बस अचानक नियंत्रण खोकर सड़क किनारे नहर में पलट गई। तेज आवाज सुनकर स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।
उधर, सुंदरवन विकास मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा और बीडीओ कन्हैया कुमार राव को भी सूचित किया गया। सभी के प्रयासों से यात्रियों को एक-एक करके बस से बाहर निकाला गया। इनमें से दस को गंभीर चोटों के कारण सागर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घटना के बारे में गंगासागर बक्खाली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के सदस्य संदीप कुमार पात्रा ने कहा कि बस में कुल 36 यात्री सवार थे। इनमें से 33 महाराष्ट्र के निवासी थे। गंगासागर की ओर जाते समय बस का नियंत्रण खो दिया जिससे वह सड़क के किनारे नहर में गिर गई। ब्लॉक प्रशासन ने तीर्थयात्रियों के लिए समुद्र दर्शन के बाद सुरक्षित घर लौटने के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की है।
—————
(Udaipur Kiran) / गंगा
