
नई दिल्ली, 20 फरवरी (Udaipur Kiran) । राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आज नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक हुई। इस बैठक में कैग की रिपोर्ट पेश किए जाने और आयुष्मान भारत योजना को लागू किए जाने के दो बड़े फैसले लिए गए।
दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने आज रामलीला मैदान में शपथ ली और कार्यभार संभाला और शाम को यमुना आरती में भाग लिया। इसके बाद दिल्ली मंत्रिमंडल की आज पहली बैठक हुई। विभागों के वितरण के अलावा मंत्रिमंडल में दो प्रमुख बड़े फैसले लिए गए।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बारे में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना को मंजूरी दी गई है। आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थियों को पांच लाख का बीमा कवर दिया जाता है और दिल्ली में इसे 5 लाख के अतिरिक्त कवर के साथ लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने नियंत्रण एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की दिल्ली सरकार से जुड़ी 14 लंबित रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने को मंजूरी प्रदान की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार में विभागों के वितरण की भी जानकारी दी। दिल्ली में विभागों के वितरण के अनुसार मुख्यमंत्री के पास वित्त, योजना, राजस्व, सर्विसेज, महिला एवं बाल विकास एवं अन्य विभाग होंगे।
प्रवेश साहिब सिंह के पास पीडब्ल्यूडी, विधायी मामले, आई एंड एफसी, जल, गुरुद्वारा चुनाव से जुड़े विभाग होंगे।
आशीष सूद के पास गृह, विद्युत, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा।
मनजिंदर सिंह सिरसा के पास खाद्य एवं आपूर्ति, वन पर्यावरण, उद्योग।
रविंद्र सिंह के पास समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता, चुनाव।
कपिल मिश्रा के पास विधि एवं न्याय, श्रम विभाग, रोजगार विकास विभाग एवं संस्कृति, कला भाषा विभाग, पर्यटन विभाग।
जबकि पंकज कुमार सिंह के पास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग होंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
