Uttar Pradesh

सनातन और सनातन के त्यौहारों की आलोचना करना सेक्युलर पार्टियों की आदत: प्रो. एस पी सिंह बघेल

मीडिया से बात करते केंद्रीय मंत्री

फिरोजाबाद, 20 फरवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल ने वृहस्पतिवार को दिल्ली का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बनाए जाने को लेकर कहा कि यह भाजपा का महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को महा बेईमान बताते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी तंज कसा।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल वृहस्पतिवार को भाजपा के सदर विधायक मनीष असीजा के पुत्र शुभांकर असीजा की शादी समारोह कार्यक्रम में शामिल होने फिरोजाबाद पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बनाए जाने को लेकर कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी जी का महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया सराहनीय कदम है। नारी वंदन अधिनियम मोदी जी की कैबिनेट ने पास किया। परिसीमन आयोग तय करेगा कि किस सीट पर महिला आरक्षण हो लेकिन मोदी जी ने हृदय से महिला आरक्षण किया है, इसलिए पार्टी ने राजधानी दिल्ली का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बनाया है। पार्टी ने सबसे पहले द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर महिला आरक्षण व सशक्तिकरण पर अपनी भावना व्यक्त की है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब कोई नया आदमी कही जाता है तो सबको बेईमान बताता है। यह लोग राजनीति में नहीं थे उससे पहले सभी राजनैतिक पार्टियां दिल्ली में राज कर चुकी थी तो इन्होंने कहा कि यह सब बेईमान है हम लोग ईमानदार रहेंगे, कार से चलेंगे, छोटे से घर में रहेंगे, कुर्ता पायजामा नहीं पहनेंगे, मफलर बांधेंगे, खासेंगे, आम आदमी की तरफ रहेंगे लेकिन वो हिन्दुस्तान की धरती पर महा बेईमान निकले। उसी की सजा उन्हें मिली है। दिल्ली की मुख्यमंत्री और मंत्री परिषद के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। दिल्ली में भाजपा अपने संकल्प पत्र को पूरा करेगी। महाकुंभ के पानी को लेकर उन्होंने कहा कि गंगा, यमुना में बहुत क्यूसेफ पानी भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में जहां 53 करोड़ लोग आने वाले हों वहां थोड़ी बहुत कमियां होने की संभावना होती है। पूर्व मुख्यमंत्री, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के महाकुंभ के आयोजन पर होने वाले खर्च में गोलमाल के सवाल पर उन्होंने कहा कि गोलमाल करने की जिनको आदत होती है उन्हें हर अगली फिल्म गोलमाल नजर आती है। मुसलमान वोटों के तुष्टिकरण, संतुष्टीकरण, एकत्रीकरण, ध्रुवीकरण और अपने पक्ष में वोट डालने के लिए सनातन और सनातन के त्यौहारों के खिलाफ आलोचना करना यह सेक्युलर पार्टियों की आदत पड़ गई है। अमेरिका द्वारा भारतीयों को वापस भेजने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर केंद्र सरकार ने आपत्ति जाहिर की है। प्रधानमंत्री राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हैं।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top