HEADLINES

शपथ ग्रहण के बाद एक्शन में रेखा गुप्ता, आज शाम पहली कैबिनेट बैठक के बाद लेंगी यमुना का जायजा

नई दिल्लीः रामलीला मैदान में दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलाते उपराज्यपाल वीके सक्सेना

– हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगेः रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 20 फरवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्रियों के साथ आज शाम को पहली कैबिनेट बैठक करेंगी। कैबिनेट बैठक के बाद वह दिल्ली के यमुना घाट का दौरा करेंगी। इसके माध्यम से वह एक तरह से यमुना सफाई का संदेश देंगी, जो दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बड़ा और अहम मुद्दा रहा था।

रेखा गुप्ता और उनके सहयोगी मंत्रियों ने आज दोपहर यहां रामलीला मैदान में शपथ ली। इसी के साथ 26 साल से अधिक समय से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सत्ता को तरस रही भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। शपथ ग्रहण के बाद मीडिया को बताया गया कि आज शाम को रेखा गुप्ता अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ कैबिनेट बैठक करेंगी। उसके बाद आज शाम को ही वह यमुना का जायजा भी लेंगी। आज शाम को छह बजे अंतर्राज्यीय बस अड्डे के निकट वासुदेव घाट पर आरती भी होगी, जिसमें मुख्यमंत्री जा सकती हैं।

बुधवार शाम को पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने राजनिवास जाकर राज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। आज दोपहर रामलीला मैदान में उन्होंने अपने छह सहयोगी मंत्रियों के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपाध्यक्ष जेपी नड्डा, मप्र के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, दिल्ली के सभी सांसद, केंद्रीय मंत्री तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित दिल्ली के संकल्प के साथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे। आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे।

———–

(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव

Most Popular

To Top