
जबलपुर, 19 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने की जिद कर रहे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस के 12 से अधिक पार्षदों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। कांग्रेस के पार्षद नगर निगम में भ्रष्टाचार और धांधली सहित अन्य अनियमितताओं की मुख्यमंत्री से शिकायत करने वाले थे। सीएम से मिलने के लिए रवाना होने के पहले ही पुलिस ने निगम पहुंचकर सभी को अरेस्ट कर लिया।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के अनुसार सुबह से प्रशासनिक अधिकारी उन्हें यही दिलासा देते रहे कि उनका समय मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए तय करवाया जा रहा है और आप लोग नगर निगम में ही एकत्रित रहे वही आपको सूचना दी जाएगी। लेकिन 4 बजे के करीब एकाएक पुलिस के वाहन नगर निगम प्रांगण में पहुँचने लगे इसके बाद उन्हें उन्हें बल पूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल नगर निगम प्रशासन द्वारा वित्तीय संकट का हवाला देते हुए शहर के सभी विकास कार्यों पर रोक लगाए जाने से नाराज कांग्रेस पार्षद दल आज मुख्यमंत्री मोहन यादव के जबलपुर आगमन पर उनसे मिलना चाहता था । मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने उनसे मिलने का समय मांगा, लेकिन समय न दिए जाने से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को पकड़कर पुलिस लाइन भेज दिया। ओमती पुलिस ने सभी पार्षदों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
