Delhi

बच्ची के साथ हुई दरिंदगी को लेकर आआपा ने भाजपा पर हमला बोला

AAP

नई दिल्ली, 19 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सात साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने बुधवार को भाजपा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। आआपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा के राज में दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। तिलक नगर इलाके में एक मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने दिल्ली की बदहाल कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। अपराधियों में कानून व्यवस्था का कोई डर नहीं है। वहीं उन्होंने मांग की कि भाजपा कुछ ऐसा करे, जिससे बलात्कारियों और अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा हो।

सिसोदिया और तिलक नगर से आआपा से विधायक जरनैल सिंह ने पार्टी मुख्यालय पर संयुक्त प्रेस वार्ता की।

वहीं विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि तिलक नगर में सात साल की बच्ची के साथ जो दुष्कर्म हुआ उसको लेकर दिल दुखी है और रोष में भी है कि गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस इस तरह मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं को रोकने में नाकाम है। चेन स्नैचिंग, स्कूटी चोरी, गाड़ी चोरी जैसी अपराध की घटनाएं इतनी आम हैं कि अब लोग इन्हें गिन भी नहीं सकते। दिल्ली में आजकल फिरौती, रेप और मर्डर आम हो चुके हैं, लेकिन हमारी पुलिस इसे रोकने में बिल्कुल नाकाम है।

जरनैल सिंह ने कहा कि हम दिल्ली के लोगों को यह आश्वासन देते हैं कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की इस लड़ाई में अंत तक उनके साथ खड़े रहेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top