Gujarat

तीसरी राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद में वीएनएसजीयू के छात्रों के प्रतिनिधित्व किया

युवा संसद में वीएनएसजीयू के छात्रों के प्रतिनिधित्व किया

सूरत, 19 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट और कोमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से राजस्थान विधानसभा में तीसरी राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद का आयोजन किया गया। इस संसद में भाग लेने के लिए देशभर से 40,000 से अधिक युवा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया और फिर विश्वविद्यालय स्तर तथा राज्य स्तर पर प्रतियोगिता के बाद देशभर से 220 पर्यावरण-हितैषी युवा प्रतिनिधियों का चयन किया गया।

इस संसद में वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (वीएनएसजीयू) की छात्रा प्रियंका भदौरिया (द्वितीय वर्ष,बायो टेक्नोलॉजी) ने केंद्रीय मंत्री के रूप में तथा छात्र ईशान अग्रवाल (द्वितीय वर्ष, एमए अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान) ने संसद सदस्य के रूप में विश्वविद्यालय और गुजरात राज्य का प्रतिनिधित्व किया। विश्वविद्यालय की छात्रा रवीना राजपुरोहित (द्वितीय वर्ष, एम.ए. अंग्रेजी) ने बहुत ही उत्कृष्ट एवं निष्पक्ष ढंग से कार्यक्रम के समन्वयक की भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भविष्य के भारत और आज की युवा पीढ़ी को पर्यावरण से संबंधित वर्तमान समस्याओं और भविष्य के समाधानों से परिचित कराकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण की भावना को जीवित रखने के लिए नित नए प्रयास कर रहा है तथा विशेष रूप से पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रहा है। विश्वविद्यालय एकल उपयोग प्लास्टिक को रोकने के लिए जन जागरूकता पैदा करना, विश्वविद्यालय की 7 एकड़ भूमि पर जापानी मियावाकी पद्धति से 21500 नए पेड़ लगाना, गौसेवा से समाज सेवा जैसी विभिन्न राष्ट्रीय कल्याणकारी गतिविधियां तथा विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आवश्यक मार्गदर्शन एवं अटूट सहयोग आदि प्रदान करना के लिए सदैव तत्पर रहता है। इन सभी छात्रों को वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. किशोरसिंह एन. चावड़ा तथा कुलसचिव डॉ. आरसी गढ़वी द्वारा शुभकामनाएँ दी गईं।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top