
शिमला, 18 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी और राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल ने मंगलवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने रजनी पाटिल को हिमाचल का नया प्रभारी नियुक्त किया है।
पार्टी ने राजीव शुक्ल को हटाकर रजनी पाटिल को यह जिम्मेदारी सौंपी है। यह पहली बार नहीं है जब पाटिल को यह भूमिका दी गई हो। इससे पहले भी वह हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रह चुकी हैं और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य से भली-भांति परिचित हैं। उनकी नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस में नए सिरे से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
हिमाचल कांग्रेस में नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। कुछ समय पहले कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को छोड़कर पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद से ही प्रदेश में नए संगठनात्मक ढांचे को लेकर चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुक्खू और रजनी पाटिल के बीच इस मुलाकात में कार्यकारिणी के गठन को लेकर गहन चर्चा हुई है।
जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश में पार्टी की स्थिति और संगठन को मजबूत बनाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर पाटिल को जानकारी दी। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच पार्टी के अंदरूनी समीकरणों और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
संगठन में संतुलन साधना चुनौती
कांग्रेस हाईकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश संगठन में संतुलन बनाना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के खेमों के बीच राजनीतिक समीकरणों को साधते हुए कार्यकारिणी का गठन करना होगा। रजनी पाटिल की नियुक्ति को इसी संतुलन को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
