Haryana

यमुनानगर: निगम चुनाव में भाजपा की बनेगी ट्रिपल इंजन सरकार: राजेश सपरा

नामांकन दाखिल करते हुए भाजपा की महापौर प्रत्याशी

यमुनानगर, 17 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम चुनावों में महापौर पद की भाजपा उम्मीदवार सुमन बहमनी सहित नगर निगम के सभी 22 वार्डों के लिए भाजपा पार्षद प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करवाया गया। जिसमें मुख्य रुप से पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग सहित वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी साथ पहुंचे।

सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने बताया कि जिला यमुनानगर में भाजपा संगठन मजबूती के साथ कार्य कर रहा है। भाजपा का हर पदाधिकारी, हर कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों के साथ है। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि यमुनानगर जिले की जनता ने हरियाणा प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और अब नगर निगम चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत व आम जनता के आशीर्वाद से ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार बनाएगी । उन्होंने बताया कि कांग्रेस का कोई भी जन आधार नहीं है। कांग्रेस का अस्तित्व खत्म हो चुका है। जनता का मूड भी कांग्रेस के प्रति नहीं रहा।

यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता हर चुनाव को गंभीरता से लड़ते हैं। इसलिए महापौर पद सहित सभी वार्डों में कमल खिलाने के लिए भाजपा परिवार के कर्मठ कार्यकर्ता तैयार हैं। यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम चुनाव में भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुमन बहमनी ने बताया कि नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली के मार्गदर्शन में भाजपा की जीत के बाद निगम क्षेत्र का तीन गुना गति से नॉन-स्टॉप विकास होगा और नई परियोजनाएं तैयार कर जनता को सुविधाएं दी जाएंगी।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top