HEADLINES

भगवंत मान के आरोपों का भाजपा ने किया खंडन, संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने से बचने की दी सलाह 

भाजपा महासचिव तरुण चुघ

नई दिल्ली, 15 फरवरी (Udaipur Kiran) । पंजाब की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर हवाई अड्डे पर अवैध भारतीय प्रवासियों को ले जाने वाले एक और विमान के संभावित आगमन के बारे में सवाल उठाया है। इस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए सभी आरोपों का खंडन किया है। भाजपा ने कहा कि अमेरिका से भारत में प्रवेश करने वाली उड़ानों के लिए अमृतसर निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। इसीलिए अवैध अप्रवासियों को ले जा रहा अमेरिकी विमान वहां उतर रहा है। शनिवार को भाजपा प्रवक्ता आर पी सिंह ने कहा कि भगवंत मान अपने ज्ञान की कमी के कारण इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। षड्यंत्र की थ्योरी को बढ़ावा देना बंद करें। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने से बचना चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेताओं को देश की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है, वे केवल राजनीति करते हैं।

भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को यह बताना चाहिए कि पंजाब के निवासी अवैध रूप से अमेरिका क्यों गए? इसकी जांच के बजाय वे बयानबाजी कर रहे हैं। क्या उन्होंने इस संबंध में किसी ट्रैवल एजेंट को पकड़ा? क्या उन्होंने पंजाब के लोगों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था की कि वे राज्य छोड़ कर न जाए। उन्होंने जमीन पर कोई काम नहीं किया बस बयानबाजी और झूठ बोलने का काम किया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका से 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को ले जाने वाली एक उड़ान के इस सप्ताहांत अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। 119 प्रवासियों में से 67 पंजाब से, 33 हरियाणा से, 8 गुजरात से, 3 उत्तर प्रदेश से, 2 गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से, और एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से बताए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top