
कांग्रेस के पूर्व विधायक ने समर्थकों समेत भाजपा का दामन थामा
यमुनानगर, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । यमुनानगर के होने वाले नगर निगम चुनाव के दौरान अनाज मंडी जगाधरी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महापौर की प्रत्याशी सुमन बहमनी व 22 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में रादौर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी ने अपने कार्यकर्ताओं सहित कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर सहित पूर्व विधायक व जिला वरिष्ठ कार्यकर्ता भी पहुंचे।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस को छोड़ कर तीन बार के पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी व उनके सैंकड़ों कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन ने हरियाणा में भाजपा की राजनीति के मायने बदल दिए और हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने का काम किया है। सबका सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा का भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष ने सुमन बहमनी और 22 वार्डों के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। इनको शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। यहां पर कमल का फूल खिलेगा। यहां पर भी शहर की भाजपा की तीसरी सरकार बनाएगी। हम तीन गुना काम करने संकल्प लेते है। मोदी के विजन सबका साथ, सबका विकास, हरियाणा एक हरियाणवी एक के मूल सिद्धांत पर विकास कार्य किए जा रहे है। हमारा उद्देश्य हर क्षेत्र में विकास और सबका विकास हो।
शहर की सरकार आपकी सेवा में तत्पर रहेगी यह विश्वास दिलाता हूं। जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में पहले भी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी, न अब छोड़ेंगे। दस वर्षों में यहां 760 करोड रूपये के विकास कार्य किया है। हुड्डा भी हिसाब मांगते थे। उन्हें दस वर्षों में यहां केवल 350 करोड रूपये खर्च किए। यमुनानगर- पंचकूला राज्यमार्ग बनाया। 1112 करोड़ रूपये की लागत से पंचकूला से हरिद्वार तक सड़क बनाने का काम किया।छछरौली में तहसील बनाई। खुदराबाद का नाम बदलकर प्रतापनगर रखा और बस स्टैंड बनाया गया। बिना रुके हमारी सरकार हर क्षेत्र में काम करवा रही है। चुनाव के बाद तीन गुना गति से विकास किए जाएंगे। हरियाणा भी विकसित भारत बनाने में अपना सहयोग दे रहा हूं और हरियाणा भी विकसित होगा।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
