
सोनीपत, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । कांग्रेस
ने कमल दीवान को सोनीपत नगर निगम उपचुनाव में अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने
उनके कार्यालय पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और बधाई दी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी
के अध्यक्ष उदय भान ने उनके नाम पर मोहर लगा दी है। सोनीपत पहुंचने पर कार्यकर्ताओं
ने रोड शो निकालकर उनका जोरदार स्वागत किया।
पूर्व
विधायक देवराज दीवान के पुत्र कमल दीवान ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त
किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है और उन्हें चुनाव लड़ने की
जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए कोर टीम के
साथ बैठक होगी और जल्द ही अभियान शुरू किया जाएगा। पारिवारिक
पृष्ठभूमि और सामाजिक योगदान 1973 में जन्मे कमल दीवान ने 11वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त
की है और पंजाबी समाज से ताल्लुक रखते हैं। वे दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं
और सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। उनके पिता देवराज दीवान 2014 के विधानसभा चुनाव
में कांग्रेस के प्रभारी थे और पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे। सोनीपत में
लगभग 70,000 पंजाबी वोटर हैं, जो चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
कमल
दीवान ने सोनीपत नगर निगम की प्रमुख समस्याओं पर ध्यान देने का वादा किया है। सफाई
कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे वे परेशान हैं। पेंशन को लेकर भी लोगों
को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार पर मुद्दों को सुलझाने में विफल
रहने का आरोप लगाया। उन्होंने नगर निगम द्वारा बिल्डिंग गिराने की कार्रवाई पर भी सवाल
उठाया और कहा कि पहले निर्माण रोका जाना चाहिए था, लेकिन अब बनी इमारतों को नहीं गिराया
जाना चाहिए। पानी, सीवरेज और जलभराव जैसी समस्याओं को हल करने का वादा किया।
चुनाव
में कड़ी टक्कर की संभावना कमल दीवान ने कहा कि कांग्रेस पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव
लड़ेगी और जीत के लिए मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि होगा।
कांग्रेस के लिए यह चुनाव चुनौतीपूर्ण रहेगा, क्योंकि हाल ही में पार्टी को हरियाणा
विधानसभा और दिल्ली चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा अपनी पिछली चुनावी
सफलताओं से उत्साहित है और इस उपचुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करने का दावा कर रही है।
ऐसे में सोनीपत का यह मेयर उपचुनाव बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर वाला हो सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
