CRIME

पत्नी से मिलने ससुराल आये युवक को जिंदा जलाकर मार डाला, ससुराल पक्ष के तीन सदस्य हिरासत में

घटना की जानकारी देते एसीपी

गाजियाबाद, 14 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । साहिबाबाद थाना क्षेत्र में ससुराल में अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे दामाद से विवाद होने पर ससुरालियों ने तेल छिड़क कर जिंदा जला दिया। उसे गम्भीर अवस्था में शाहदरा स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ससुराल पक्ष से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। यह दर्दनाक घटना गुरुवार को शहीद नगर में हुई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसीपी रजनीश उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि पसोना निवासी मोहम्मद साजिद ने पुलिस को सूचना दी कि दानिश नाम के युवक को उसके ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। जांच में पता चला कि दानिश की शादी चार साल पहले डी ब्लॉक शहीद नगर निवासी सदाकत अली की पुत्री मुस्कान के साथ हुई थी। लेकिन किसी मामले को लेकर अनबन थी। गुरुवार को दानिश अपनी ससुराल पत्नी मिलने पहुंचा था। वहां पर किसी बात को लेकर विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की गम्भीरता से जांच कर रही है।

(Udaipur Kiran) / फरमान अली

Most Popular

To Top