पटना, 14 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि राज्य के सतत विकास को तेज गति प्रदान करना प्रगति यात्रा का लक्ष्य है।
इस यात्रा के दौरान जिन भी जिलों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जा रहे हैं, वहां की जनता पलक-पांवड़े बिछाकर उनका स्वागत कर रही है। यह हमारे नेता के प्रति आम जनता में अटूट विश्वास और अथाह समर्थन का प्रतीक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रत्येक जिलों में जाकर सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न योजनाओं की सौगात दे रहे हैं। हाल के दिनों में प्रगति यात्रा से जुड़े कई परियोजनाओं को बिहार कैबिनेट द्वारा मंजूरी भी मिल चुकी है, जिससे आने वाले दिनों में बिहार की नई तस्वीर उभरकर सामने आएगी और बिहारवासियों को इसका खासा लाभ मिलेगा।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने 19 वर्षों के अपने शानदार शासनकाल में उजड़े और बिखरे हुए बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आज नीतीश सरकार के विकास मॉडल की चर्चा और प्रशंसा देश-दुनिया में होती है। राजद की सरकार में बिहार लूट, भ्रष्टाचार और अपरहण मॉडल के लिए जाना जाता था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज के हर शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों तक विकास की किरणों की पहुंच सुनिश्चित कराना नीतीश सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कई सकारात्मक पहल किए गए हैं, जिसका असर अब सीधे तौर पर सुदूर गांवों में नजर आता है।
—————
(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी
