


-33 स्वर्ण, 25 रजत और 23 कांस्य पदकों के साथ मप्र के खिलाडियों ने जीते कुल 81 पदक
भोपाल, 13 फरवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 के आखिरी दिन गुरुवारको मध्य प्रदेश के खिलाडियों ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन देते हुए पांच स्वर्ण समेत कुल 12 पदक अपने नाम किए। इनमें मलखम्ब में चार स्वर्ण व 3 रजत, मोर्डन पेटाथलॉन में एक स्वर्ण, कैनोइंग में एक रजत और एक कांस्य, रेसलिंग में एक रजत और हॉकी में एक रजत पदक शामिल है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 33 स्वर्ण, 25 रजत और 33 कांस्य के साथ कुल 81 पदक अर्जित किए। पदक तालिका में मप्र टॉप चार राज्यों में शामिल रहा।
उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 गुरुवार को खेले गए मुकाबलों मं मलखम्ब एपरेटस पोल, व्यक्तिगत महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की अनुष्का नायक ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 8.40 के स्कोर के साथ काफी नजदीकी मुकाबले में महाराष्ट्र की रुपाली को हरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया| मलखम्ब एपरेटस– पोल, व्यक्तिगत पुरुष वर्ग में मध्य प्रदेश के प्रणीत यादव ने स्वर्ण और कुंदन कच्छावा ने रजत पदक अपने नाम किया। मलखम्ब के ही आल राउंड व्यक्तिगत महिला मुकाबले में मध्य प्रदेश की जेसिका प्रजापति ने स्वर्ण और अनुष्का ने नायक ने रजत पदक अर्जित किया, साथ ही में मलखम्ब के ही आल राउंड व्यक्तिगत पुरुष वर्ग में मध्य प्रदेश के कुंदन कच्छावा ने स्वर्ण और देवेन्द्र पाटीदार ने रजत पदक अपने नाम किया।
मलखम्ब में मध्य प्रदेश ने उत्तराखंड नेशनल गेम्स समापन तक कुल 6 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य आर्जित्त किये है। मलखम्ब में मध्य प्रदेश ने अपनी सशक्त दावेदारी पेश करते हुए, अभी तक हुए नेशनल गेम्स का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है।
वहीं, मोर्डन पेटाथलॉन, टेट्राथलॉन मिश्रित रिले प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के यश बथेरे और रमा सोनकर की टीम ने 829 का स्कोर निकल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि महाराष्ट्र की टीम ने काटें की टक्कर के बाद 824 के स्कोर के साथ रजत पदक आर्जित किया।
कैनोइंग, विमेंस स्प्रिंट के-4, 500 मी महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की निधि, डैली बिश्नोई, मनस्वानी स्वाईं और एल मीणा देवी की टीम ने 1:48.653 का समय निकल कर रजत पदक आर्जित किया। मप्र की टीम मात्र 1.696 सेकंड के अंतर से ओडिशा की टीम के खिलाफ स्वर्ण पदक से चुक गयीं। कैनोइंग मेंस स्प्रिंट के-4, 500 मी., पुरुष वर्ग में मध्य प्रदेश के अक्षित बरोई, हिमांशु टंडन, निंगोम्बम मीटेल और सचिन ने 1:30.355 का समय निकल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला हॉकी में मध्य प्रदेश की टीम हरियाणा की टीम के खिलाफ हुए फाइनल मुकाबले में 4-1 के स्कोर से परस्त होकर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, रेसलिंग 53 किग्रा व्यक्तिगत महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की पूजा जाट, ने रजत पदक अपने नाम किया।
खेल मंत्री की शुभकामनाएँ
प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता और शानदार उपलब्धि पर पूरा प्रदेश गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण भी बताया। मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव दिग्विजय सिंह और खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
(Udaipur Kiran) तोमर
