HimachalPradesh

हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, अगले तीन दिन मौसम रहेगा साफ

शिमला में धूप

शिमला, 12 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बीती रात हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। कुल्लू के कोठी में 1 सेंटीमीटर और किन्नौर के कल्पा में 0.2 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। हालांकि राज्य भर में आज बुधवार को मौसम साफ बना हुआ है। हिल स्टेशनों शिमला व मनाली में धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। लेकिन सुबह, शाम और रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है बर्फबारी के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट आई है।

चार स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज

प्रदेश के चार प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। जनजतीय जिला लाहौल-स्पीति का ताबो -8.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। इसी जिले के केलंग और कूकुमसेरी में न्यूनतम तापमान क्रमशः -7.1 और -6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में तापमान -3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर भी ठंड का असर बरकरार है। मनाली में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री, डलहौजी में 3.6 डिग्री और शिमला में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 16 फरवरी से फिर होगी बर्फबारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसारप्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। 13, 14 और 15 फरवरी को शुष्क मौसम के आसार हैं। हालांकि 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 16 से 18 फरवरी तक प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है। हालांकि फिलहाल भारी बर्फबारी या वर्षा का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। लेकिन तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ने की आशंका जताई गई है।

शिमला और मनाली में बर्फबारी का इंतजार

राज्य के हिल स्टेशन शिमला और मनाली में पर्यटक बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फरवरी महीने में अब तक इन दोनों स्थानों पर बर्फ नहीं गिरी है, जिससे सैलानियों की उम्मीदें धूमिल होती नजर आ रही हैं।

शिमला और मनाली में बर्फबारी के बिना सर्दियों का मजा अधूरा सा लग रहा है। पिछले कल शिमला में बर्फ के फाहे गिरे। लेकिन बर्फबारी नहीं हुई।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top