RAJASTHAN

पं. दीनदयाल उपाध्याय को पुण्यतिथि पर किया याद

jodhpur

जोधपुर, 11 फरवरी (Udaipur Kiran) । जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मंगलवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान भाजपा की ओर से पण्डित दीनदयाल पार्क प्रतापनगर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया ने बताया कि भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल व देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, शहर विधायक अतुल भंसाली, नगर निगम दक्षिण की महापौर वनिता सेठ सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठित रहकर पार्टी व समाज हित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने पंडित दीनदयाल के सिद्धांतों एकात्म मानववाद, अन्त्योदय तथा राष्ट्रवाद पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय को समाज सुधारक व महान चिंतक बताया। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उपाध्याय आरएसएस के चिंतक थे। वे भारतीय जन संघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युग अनुकूल रूप से प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्मक मानववाद नामक विचारधारा दी। दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र के आधार पर हम सबको चलना चाहिए।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top