Jammu & Kashmir

नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन ने जम्मू में किया प्रदर्शन

नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन ने जम्मू में किया प्रदर्शन

जम्मू, 10 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन फिरोजपुर मंडल के आह्वान पर आज जम्मू शाखा ने लोको लॉबी जम्मू के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंडल में तैनात वरिष्ठ डीईई (ऑपरेटिंग) अधिकारी के खिलाफ किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता शाखा उपाध्यक्ष कॉम. बृजमोहन ने की, जबकि मंच संचालन मेंस यूनियन अध्यक्ष कॉम. हरपाल सिंह ने किया। मेंस यूनियन अध्यक्ष हरपाल सिंह ने कहा कि रनिंग स्टाफ के कर्मचारियों के प्रति उक्त अधिकारी का रवैया अनुचित है। उन्होंने बताया कि यह अधिकारी प्रमोशन, म्युचुअल ट्रांसफर और अन्य ट्रांसफर फाइलों को अनावश्यक रूप से रोके हुए है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी की लापरवाही और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी के कारण यह विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

हरपाल सिंह ने कहा कि हाल ही में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की पीएनएम मीटिंग हुई थी, जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर मेंस यूनियन फिरोजपुर मंडल के अध्यक्ष कॉम. शैम्बर सिंह ने कहा कि इस अधिकारी की कर्मचारी-विरोधी नीतियों के चलते हाल ही में डीआरएम के साथ हुई पीएनएम मीटिंग की क्लोजिंग का बहिष्कार किया गया था। मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा ने रेल प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अधिकारी का तबादला नहीं किया गया या कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष कॉम. शैंबर सिंह, शाखा अध्यक्ष हरपाल सिंह, उपाध्यक्ष रामपाल शर्मा, बृजमोहन, सोमनाथ, मदन कुमार, मीडिया प्रभारी प्रकाश चन्द्र और शशि ने भी सभा को संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे अपने विरोध प्रदर्शन को और तेज करेंगे। यूनियन ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top