चंडीगढ़, 8 फरवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इस चुनाव में हरियाणा मूल के आठ नेता चुनाव मैदान में उतरे थे, जिनमें से पांच नेताओं काे चुनाव हार का मुंह देखना पड़ा है। वहीं तीन नेताओं काे इस बार जनता ने जीताकर विधानसभा पहुंचाने के साथ ही सत्ता परिवर्तन करने का काम किया है।
हरियाणा पृष्ठभूमि से आने वाले सबसे ज्यादा आम आदमी पार्टी के 5 उम्मीदवार चुनाव लड़े, लेकिन एक ही नेता चुनाव जीतने में सफल रहा। हारने वालाें में सबसे बड़ा नाम
हिसार के सिवानी गांव के रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का है। केजरीवाल ने हिसार में अपने मामा के घर पर रहकर
ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है। कैथल के रहने वाले महेंद्र गोयल रिठाला विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। झज्जर के छारा गांव की रहने वाली राखी बिरला मादीपुर सीट से चुनाव हार गई हैं। हिसार के उकलाना के रहने वाले दीपक सिंगला विश्वास नगर से चुनाव हार गए हैं। जबकि झज्जर के दूबलधन गांव के रहने वाले आप पार्टी ने प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह नेदिल्ली छावनी विधानसभा सीट से चुनाव में जीत दर्ज की है।
हरियाणा के सिरसा निवासी मनजिंदर सिंह सिरसा ने भाजपा के टिकट पर राजौरी गार्डन सीट से जीत दर्ज की है। जींद के नरवाना के रहने वाले पवन शर्मा ने भाजपा के टिकट पर उत्तम नगर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।
हरियाणा की फरीदाबाद लोकसभा सीट से पूर्व कांग्रेस सांसद अवतार सिंह भड़ाना के बेटे अर्जुन भड़ाना को कांग्रेस ने दिल्ली की बदरपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया था। अर्जुन काे दिल्ली चुनाव में जनता ने बुरी तरह से हराया है। नतीजाें में उनकी जमानत तक जब्त हो गई है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
