Delhi

दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियाें और कुशल नेतृत्व को : विजेंद्र गुप्ता

विजेंद्र गुप्ता विजय यात्रा में दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए।

नई दिल्ली, 8 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार लगातार जीत की हैट्रिक लगाने वाले भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली की जनता को बधाई दी और उनका आभार जताया।

विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा है कि यह विजय उनकी जनकल्याणकारी नीतियों, विकसित भारत के निर्माण की योजनाओं और प्रभावशाली व कुशल नेतृत्व का प्रतिफल है।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनाने के लिए दिल्ली की जनता ने आज विकास और समृद्धि का ‘कमल’ खिलाकर एक इतिहास रचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल सांगठनिक नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा के असंख्य समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।

रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में भारी मतों से जीत हासिल करने के बाद विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में अपनी विजय यात्रा निकाली। उनकी जीत का जुलूस रोहिणी के सेक्टर-15 के एनसीसी भवन से शुरू हुआ और सेक्टर 7-8 की डिवाइडिंग रोड और अशोका अपार्टमेंट से होता हुआ सेक्टर 7 के चुनाव कार्यालय पर सम्पन्न हुआ।

विजेंद्र गुप्ता ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के नए विजन के कारण ही दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास खत्म हुआ है और यहां डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने एक फिर से आआपा सरकार के भ्रष्टाचार पर हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री आतिशी के झूठे वादों के कारण ही आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी को सबसे बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा है।

गुप्ता ने इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना भारी समर्थन देने के लिए दिल्ली की जनता को बधाई दी और उनका आभार जताते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में दिल्ली में जो सरकार बनेगी, वो पहले दिन से ही भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार लोक कल्याण के लिए और दिल्ली के विकास के लिए काम करना शुरू कर देगी।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top