Uttar Pradesh

गायत्री महायज्ञ 8 से 11 फरवरी तक

24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का आगाज  8 से 11 फरवरी तक चलेगा यज्ञ

जौनपुर ,08 फरवरी (Udaipur Kiran) । गायत्री शक्ति पीठ में नारी सशक्तिकरण के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण आयोजन शुरू हुआ है। शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ 24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का आगाज हुआ। यह 8 से 11 फरवरी तक चलेगा। कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से निकलकर लोगों को जागृत करते हुए गायत्री शक्ति पीठ पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान लोग गायत्री मंत्रों का जाप करते हुए चल रहे थे। पूरा शहर गायत्री मंत्र से गुंजायमान हो उठा था।

यह कार्यक्रम युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की युग निर्माण योजना का हिस्सा है। इसमें सात प्रमुख आंदोलन शामिल हैं। इनमें साधना, शिक्षा, स्वाध्याय, नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन और कुरीति उन्मूलन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

चार दिवसीय इस आयोजन में प्रतिदिन विविध गतिविधियां होंगी। ध्यान साधना, प्रज्ञायोग, गायत्री महायज्ञ, संगीतमय प्रवचन और कार्यकर्ता गोष्ठी प्रमुख हैं। कार्यक्रम में नारी जागरण पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। जहां महिलाओं को आत्मबोध और सशक्तिकरण का मार्गदर्शन मिलेगा।

शांतिकुंज हरिद्वार की विशेष टीम कार्यक्रम का संचालन कर रही है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से भारतीय वेशभूषा, विशेषकर पीले वस्त्र पहनकर कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है। यह महायज्ञ राष्ट्रीय चेतना और आध्यात्मिक उन्नति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Most Popular

To Top